राष्ट्रपति को संयुक्त किसान मोर्चा की चिट्ठी, गिरफ्तार किसानों की बिना शर्त रिहाई की मांग
संयुक्त किसान मोर्चा ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को चिट्ठी लिखी है। इसमें आंदोलन के संबंध में गिरफ्तार किसानों को बिना शर्त रिहा करने की मांग की गई है। संयुक्त किसान मोर्चा ने यह भी कहा है कि प्रदर्शनकारी किसानों को कथित रूप से पुलिस और अन्य एजेंसियों द्वारा भेजे जा रहे नोटिसों के सिलिसले को भी रोकने की मांग की गई है।
संयुक्त किसान मोर्चा का कहना है कि मोर्चा के बैनर तले किसान पिछले तीन महीने से विरोध कर रहे हैं और दिल्ली के आसपास धरना दे रहे हैं। लेकिन भारत सरकार और कई राज्य सरकारों ने सैकड़ों किसानों और आंदोलन का समर्थन करने वालों को जेलों में डाल दिया है और उनके खिलाफ झूठे मामले दर्ज किए गए हैं।
चिट्ठी में लिखा गया है कि बेगुनाह किसानों को जेलों से बिना किसी शर्त रिहा किया जाए। प्रदर्शनकारी किसान संघों ने दमन प्रतिरोध दिवस के हिस्से के तौर पर राष्ट्रपति को यह चिट्ठी लिखी है। इस बीच एसकेएम ने जलवायु कार्यकर्ता दिशा रवि की जेल से रिहाई का स्वागत किया है।