अर्थशास्त्री अभिजीत बनर्जी को नोबेल पुरस्कार मिलने पर पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह ने दी बधाई
भारतीय मूल के अर्थशास्त्री अभिजीत बनर्जी को नोबेल पुरस्कार मिलने पर पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह ने उन्हें बधाई दी है। पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह ने पत्र लिखकर कहा कि ये उनके लिए खुशी और गर्व की बात है कि अर्थशास्त्र में एक बार फिर से एक भारतीय को ये प्रतिष्ठित पुरस्कार मिला है।
भारतीय मूल के अर्थशास्त्री अभिजीत बनर्जी और उनकी पत्नी एस्टर डुफ्लो Esther Duflo को अर्थशास्त्र का नोबल पुरस्कार मिलने पर पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह ने उन्हें बधाई दी है। पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह ने अभिजीत बनर्जी को एक पत्र लिखकर कहा कि ये उनके लिए खुशी और गर्व की बात है कि उनके दोस्त और प्रोफेसर अमर्त्य सेन के बाद वो दूसरे भारतीय हैं, जिनको अर्थशास्त्र का नोबेल पुरस्कार मिला है। साथ ही कहा कि उन्हें इस बात की भी खुशी है कि आपकी पत्नी एस्थर डुफ्लो को भी आपके साथ संयुक्त रूप से नोबेल के लिए चुना गया।
आपने वैश्विक स्तर पर गरीबी उन्मूलन और डेवलपमेंट इकनॉमिक्स पर अच्छा काम किया है। पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा कि वो अर्थशास्त्र के एक छात्र के रूप में बहुत खुश हैं कि कमेटी ने डेवलपमेंट इकनॉमिक्स में काम करने वाले शख्स को सम्मानित करने के लिए चुना जो कि भारत जैसे विकासशील देशों में पॉलिसी बनाने के लिए बहुत उपयोगी है। वहीं नोबल पुरस्कार मिलने के बाद अभिजीत बनर्जी ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था डगमगाती स्थिति में है।