संयुक्त किसान मोर्चा ने किया ऐलान, बोले- 12 फरवरी को टोल-फ्री, 14 को कैंडल मार्च, 16 को सॉलिडरिटी शो, 18 को रेल रोको

by Anjali Ojha Feb 11, 2021 • 06:39 PM Views 796

आंदोलन को गति देने के लिए संयुक्त किसान मोर्चा ने देशभर में चार घंटे के लिए रेल रोकने की योजना बनाई है। बुधवार को प्रेस रिलीज जारी कर संयुक्त किसान मोर्चा ने यह ऐलान किया है। प्रेस रिलीज में बताया गया है कि 18 फरवरी को 12 बजे से 4 बजे तक देशभर में रेल रोको अभियान चलेगा। संयुक्त किसान मोर्चा की 12 फरवरी को राजस्थान के सभी टोल प्लाज़ा को टोल-फ्री करने की भी योजना है।

संयुक्त किसान मोर्चा ने 14 फरवरी को पुलवामा हमले की सालगिरह पर जवानों और किसानों के लिए देशभर में कैंडल मार्च निकालने का ऐलान किया है। इनके अलावा 16 फरवरी को जाट नेता सर छोटू राम की जयंती पर किसानों ने सॉलिडरिटी शो करने की योजना बनाई है।

आंदोलन के समर्थन में जगह-जगह किसानों का महापंचायत हो रहा है। बुधवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सहारनपुर में एक किसान महापंचायत को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस की सरकार आएगी तो इन क़ानूनों को ख़त्म कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ‘इन क़ानूनों की वजह से किसानों की आवाज़ दबेगी और करोड़पतियों का आवाज़ बुलंद होगा।’