साल 2020 में भारतीय स्टार्टअप्स में विदेशी निवेश 35 फ़ीसदी घटा

by GoNews Desk Jan 10, 2021 • 02:48 PM Views 599

कोविड-19 और लॉकडाउन ने पूरी दुनिया में भयानक आर्थिक तबाही मचाई है और भारत भी इससे ख़ासा प्रभावित हुआ है। आंकड़ों के मुताबिक भारतीय स्टार्टअप्स में होने वाला निवेश साल 2020 में 35 फीसदी तक घट गया है।

कंसल्टेंसी फर्म ट्रैक्सन के डाटा के मुताबिक भारतीय स्टार्टअप्स ने 2020 में 9.3 बिलियन डॉलर यानी करीब 68 हजार करोड़ रुपए का निवेश जुटाया है। यह निवेश पिछले साल के मुकाबले 35% कम है। 2019 में भारतीय स्टार्टअप्स ने 14.5 बिलियन डॉलर करीब 1.06 लाख करोड़ रुपए का निवेश जुटाया था। वहीं, 2019 की 1185 के मुकाबले 2020 में 1088 निवेश की डील हुई हैं।

आँकड़ों के मुताबिक, 2020 में 100 मिलियन या इससे ज्यादा के 20 फंडिंग राउंड का आयोजन हुआ। वहीं 2019 में इनकी संख्या 26 थी। इसी तरह से 50 मिलियन डॉलर से 100 मिलियन डॉलर तक की डील साइज के 13 फंडिंग राउंड का आयोजन हुआ। और 2019 में इस डील साइज के फंडिंग राउंड की संख्या 27 थी।