दिल्ली कूच से पहले हरियाणा में 12 किसान नेता हिरासत में, राजधानी में प्रदर्शन की इजाज़त नहीं
नये कृषि कानूनों के के ख़िलाफ़ 26 नवंबर को किसान संगठनों के दिल्ली कूच के ऐलान को देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया है। दिल्ली पुलिस ने कहा है कि शहर में विरोध प्रदर्शन की इजाज़त नहीं होगी, वहीं हरियाणा ने अगले तीन दिनों के लिए कई राष्ट्रीय राजमार्गों पर जाने से बचने की सलाह दी है। इस बीच ख़बर है कि हरियाणा में फतेहाबाद, हिसार, झज्जर, सिरसा समेत कई स्थानों पर छापेमारी करके पुलिस ने 12 किसान नेताओं को गिरफ्तार किया है।
तीन सौ से ज्यादा किसान संगठनों का मोर्चा नये कृषि कानूनों पर दो महीने से देशभर में आंदोलन चला रहा है। इस आंदोलन का सबसे ज़्यादा असर हरियाणा और पंजाब में है जहाँ न्यूनतम समर्थन मूल्य किसानों के लिए बड़ा मुद्दा है। किसान संगठनों की ओर से 26 नवंबर को दिल्ली पहुँचकर डेरा डालने का ऐलान किया गया था। ज़ाहिर है, दिल्ली जाने वाले तमाम रास्तों पर किसानों का कब्ज़ा हो सकता है।
इसी को देखते हुए हरियाणा पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर कल से 3 दिनों के लिए कई राष्ट्रीय राजमार्गों पर जान से बचने की सलाह दी है। हरियाणा पुलिस ने कहा कि "कानून और व्यवस्था" को सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के निर्देश को ध्यान में रखते हुए सड़क पर बैरिकेड लगाए गए हैं।