जून में होगा कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव: रणदीप सुरजेवाला

by GoNews Desk Jan 22, 2021 • 05:33 PM Views 510

नेतृत्व को लेकर लंबे समय से मंथन कर रही कांग्रेस पार्टी की वर्किंग कमेटी की शुक्रवार को बैठक हुई। आंतरिक चुनावों का इंतज़ार कर रहे कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को एक बार फिर निराशा हाथ लगी। क्योंकि बैठक में तय हुआ है कि कांग्रेस में आंतरिक चुनाव जून में कराए जाएंगे। यानी इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सोनिया गांधी की अगुवाई में ही चुनाव लड़ेगी।

बीते साल अगस्त में जब कांग्रेस की ऐसी ही एक बैठक में अध्यक्ष पद को लेकर मंथन हुआ, तब 6 महीने के लिए ज़िम्मेदारी फिर से सोनिया गांधी के कंधों पर डाल दी गई थी। माना जा रहा था कि फरवरी में नया अध्यक्ष चुन लिया जाएगा लेकिन मसले का हल अभी तक नहीं निकल सका है। इस साल होने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के बाद ही कांग्रेस को नया अध्यक्ष मिलेगा।