संयुक्त राष्ट्र की चेतावनी, साढ़े तीन लाख लोगों पर भुखमरी का संकट

by GoNews Desk Jun 12, 2021 • 05:10 PM Views 1923

संयुक्त राष्ट्र के विशेषज्ञों का कहना है कि इथियोपिया के टिग्रे प्रांत में लगभग 3,50,000 लोगों के सामने भुखमरी का संकट खड़ा हो गया है। और लाखों लोगों के सामने अकाल का ख़तरा मंडरा रहा है।

संयुक्त राष्ट्र की दो एजेंसियों विश्व खाद्य कार्यक्रम और खाद्य और कृषि संगठन ने साझा रूप से हंगर हॉटस्पॉट नाम की एक रिपोर्ट जारी की है। इस रिपोर्ट में बढ़ती भुखमरी के लिए हिंसक संघर्ष, कठोर मौसम की घटनाओं और कोविड-19 को ज़िम्मेदार बताया गया है।

विश्व खाद्य कार्यक्रम के प्रमुख डेविड बियस्ली ने इथियोपिया के टिग्रे प्रांत में तत्काल जीवनरक्षक सहायता पहुंचाने के लिए रास्तों को खोले जाने का आग्रह किया है। सरकारी सुरक्षा बलों और हथियारबंद गुटों के बीच लड़ाई जारी रहने से, हिंसा प्रभावित इलाकों में साढ़े तीन लाख लोगों पर अकाल का ख़तरा मंडरा रहा है। यूएन एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक प्रांत के 55 लाख लोगों को तत्काल खाद्य सहायता की ज़रूरत है।