अमेरिका में भारतवंशियों के साथ आए दिन होता है भेदभाव : सर्वे

by GoNews Desk Jun 10, 2021 • 04:49 PM Views 2213

अमेरिका में प्रवासियों की दूसरी सबसे बड़ी आबादी वाले भारतीय मूल के नागरिक आए दिन भेदभाव और ध्रुवीकरण का सामना करते हैं। बुधवार को जारी एक सर्वेक्षण में यह बात सामने आयी है।

‘‘भारतीय अमेरिकियों की सामाजिक वास्तविकताएं : 2020 भारतीय अमेरिकी प्रवृत्ति सर्वेक्षण के नतीजे'' शीर्षक की यह रिपोर्ट अमेरिका में रह रहे 1,200 भारतीय-अमेरिकियों के ऑनलाइन सर्वेक्षण पर आधारित है जो शोध और विश्लेषण संबंधी कंपनी ‘यूजीओवी' के साथ मिलकर किया गया है।

रिपोर्ट में कहा गया है, ‘‘भारतीय-अमेरिकी आए दिन भेदभाव का सामना करते हैं। दो में से एक भारतीय-अमेरिकी ने पिछले एक साल में भेदभाव का सामना किए जाने की शिकायत की। इनमें से सबसे अधिक भेदभाव उनकी त्वचा के रंग के आधार पर किया गया। हैरानी की बात यह है कि अमेरिका में जन्मे भारतीय-अमेरिकियों ने भेदभाव का अधिक शिकार होने की शिकायत की।''