गोआ में नए वेरिएंट की पुष्टि; भारत में Omicron के 156 नए मामले, कुल केस 578 हुए

by GoNews Desk Dec 27, 2021 • 06:25 PM Views 1033

गोआ में भी अब कोविड के नए वेरिएंट ऑमिक्रॉन की पुष्टि हो चुकी है। वहां ब्रिटेन ने लौटे 8 साल के एक बच्चे में वेरिएंट पाया गया है। यह बच्चा 17 दिसंबर को गोआ आया था। इससे पहले रविवार को हिमाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश में ऑमिक्रॉन की पुष्टि हो चुकी है। अब देश के 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में ऑमिक्रॉन संक्रमित हैं जिनकी संख्या 578 है। इनमें से 130 लोग ठीक हो चुके हैं।

बीते दिन भारत में 156 नए ऑमिक्रॉन संक्रमित सामने आए, जिनमें से सबसे ज़्यादा दिल्ली में देखे गए थे। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक दिल्ली में अब ऑमिक्रॉन के 142 और महाराष्ट्र में 141 केस हैं। राजधानी दिल्ली में नए वेरिएंट के साथ नए कोविड मामलों में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है। यहां 24 घंटों में 290 संक्रमित सामने आए। यह संख्या 10 जून के बाद सबसे ज़्यादा है। इसके चलते दिल्ली में आज से रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ़्यू का ऐलान किया गया है।