मिलने लगे भारतीय अर्थव्यवस्था के मंदी से उबरने के संकेत
देश में छाई आर्थिक मंदी से उपजी निराशा दूर करने वाली कई खबरें सामने आ रही है। पिछले दिनों ही रिज़र्व बैंक ऑफ़ इंडिया ने इतिहास में पहली बार भारत के औपचारिक रूप से मंदी में होने का ऐलान किया था। लेकिन अब विभिन्न देशों की अर्थव्यवस्था का यह आकलन भी आ रहा है कि भारत की अर्थव्यवस्था मंदी से जल्द उबर सकती है।
ग्लोबल इकोनॉमिक्स फर्म ‘ऑक्सफोर्ड इकोनॉमिक्स’ के अनुसार, भारतीय अर्थव्यवस्था में उम्मीद से ज्यादा तेजी देखी जा रही है। ‘ऑक्सफ़ोर्ड इकोनॉमिक्स’ के मुताबिक देश में मुद्रास्फीति दर फ़िलहाल 6 प्रतिशत है, जो थोड़ी ज्यादा है लेकिन जल्द ही इसके नीचे आने के आसार है।
इसके साथ ही ‘गोल्डमैन सैक्’स ने भी भारत के विकास के पूर्वानुमान में सुधार किया है। गोल्डमैन के मुताबिक वित्त वर्ष 2021 में भारतीय अर्थव्यवस्था 10.3 फीसदी सिकुड़ेगी। गोल्डमैन ने पहले अक्टूबर में वित्त वर्ष 2021 में 14.8 फीसदी सिकुड़ने का अनुमान लगाया था। इसके साथ ही एजेंसी का पूर्वानुमान है कि वित्त वर्ष 2022 में विकास दर 13% रहेगी।