लॉकडाऊन में अमीर हुए और अमीर, अंबानी की संपत्ति हुई दोगुनी
विषमता की भयावहता को देखते हुए यह बात अरसे से कही जा रही है कि भारत में दो देश बसते है और 2020 ने से जैसे सच साबित कर दिया है। कोरोना महामारी रोकने के लिए लगे लॉकडाउन ने न जाने कितने उद्योग-धंधो पर हमेशा के लिए ताला लगा दिया और करोड़ो लोगो के सामने रोजगार का संकट पैदा हो गया। दूसरी तरफ जब लोग सड़कों पर थे, ठीक उसी समय देश के अरबपति मोटी चाँदी काट रहे थे।
अंतरराष्ट्रीय रिसर्च संस्था ऑक्सफ़ैम की नई रिपोर्ट 'The Inequality Virus' के मुताबिक देश के 100 शीर्ष अरबपतियों ने पिछले साल मार्च से अक्टूबर तक 12 लाख 97 हज़ार 822 करोड़ रुपये कमाये। यह धनराशि इतनी है कि 13.8 करोड़ गरीब भारतीयों में हर एक व्यक्ति को 94045 रुपये दिये जा सकते हैं।
अकेले रिलायंस इंडस्ट्रीज के मालिक मुकेश अंबानी ने जितना पैसा 1 घंटे में कमाया, उतना पैसा कमाने में किसी अकुशल मज़दूर को 10 हजार साल लग जाएंगे। पिछले साल मार्च से अक्टूबर तक मुकेश अंबानी की संपत्ति दोगुनी हो गई। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार उनकी संपत्ति 5.8 लाख करोड़ रुपए है।