15 देशों ने भारत से होने वाली उड़ानों पर रोक लगाई, भारत ने भी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर प्रतिबंध 31 मई तक बढ़ाया

by GoNews Desk 2 years ago Views 2014

flights ban from india
केन्द्र सरकार की तरफ से शुक्रवार को जारी एक आदेश में भारत से होने वाली सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर प्रतिबंध 31 मई तक बढ़ा दिया गया है। 13 महीने पहले रोकी गई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर प्रतिबंध 30 अप्रैल को ख़त्म होना था। समर्पित कार्गो उड़ानें, चुनिंदा देशों के साथ द्विपक्षीय एयर बबल समझौतों के तहत उड़ानें संचालित होती रहेंगी। 

संक्रमण से हालात गंभीर होने पर कई ऐसे देश भी हैं जिन्होंने भारत से होने वाली यात्राओं पर प्रतिबंध लगा दी है। शनिवार को बाइडन प्रशासन ने भारत से होने वाली यात्राएं रोकने के आदेश जारी किए हैं। आदेश के मुताबिक़ 4 मई से लोग भारत से अमेरिका के लिए यात्रा नहीं कर पाएंगे। हालांकि छूट प्राप्त लोगों को इस पाबंदी से बाहर रखा गया है। अमेरिका से यह प्रतिबंध अगले आदेश तक के लिए जारी रहेगा। 


इनके अलावा कई अन्य देश हैं जो भारत को ख़तरे की सूची में डाल कर यहां से यात्रा पर रोक लगा चुके हैं और जिन देशों ने ऐसा नहीं किया है, उन्होंने भारत से आने वाले लोगों के लिए कोरोना की गाईडलाइन को बेहद सख्त कर दिया है। संयुक्त अरब अमीरात ने 25 अप्रैल से 10 दिनों के लिए भारत से कार्गो फ्लाइट के अलावा दूसरी सभी उड़ानों पर रोक लगा रखी है। हालांकि यूएई के नागरिकों, दोनों देशों के डिप्लोमैट्स और डेलीगेट्स को इस प्रतिबंध से बाहर रखा गया है।

कनाडा ने 23-24 अप्रैल की मध्य रात्री से कार्गो फ्लाइट के अलावा सभी कॉमर्शियल उड़ानें 30 दिनों के लिए रोक दी है। हॉन्ग-कॉन्ग ने 20 अप्रैल से 2 मई तक भारत से यात्रा पर बैन लगाया है। सिंगापुर ने भी उड़ानों को लेकर नए नियम जारी किए थे जिसके मुताबिक़ 15 दिनों में भारत की यात्रा कर चुके लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई। जबकि भारत से फ्रांस जाने वाले यात्रियों को प्री-बोर्डिंग आरटी-पीसीआर के अलावा देश पहुंचने पर अनिवार्य रैपिड एंटीजेन टेस्ट से गुज़रना होगा।

इनके अलावा कई खाड़ी देश हैं जिन्होंने भारत से होने वाली उड़ानों पर प्रतिबंध लगाई हुआ है। कुवैत ने 24 अप्रैल से फ्राइटर्स के अलावा भारत से उड़ानों पर रोक लगा रखी है। जबकि क़तर द्वारा यात्रा संबंधी जारी आदेश में कहा गया है कि देश में यात्रा करने वाले लोगों को 72 घंटे पहले की कोविड नेगेटिव रिपोर्ट देखानी होगी। इनके अलावा ईरान ने भी 26 अप्रैल को एक आदेश जारी कर भारत से होने वाली उड़ानें रोक दी थी। पड़ोसी देश बांग्लादेश ने 9 मई तक भारत से यात्राओं पर प्रतिबंध लगा रखा है। भारतीय लोगों में टूरिस्ट डेस्टिनेशन के लिए मशहूर मालदीव ने भी भारतीयों के लिए प्रतिबंध का एलान किया है।

इनके अलावा इटली, जर्मनी, बहराइन और न्यूज़ीलैंड जैसे देशों ने भी भारत से आ रहे लोगों के लिए पाबंदी का ऐलान किया हुआ है। 

ताज़ा वीडियो