Omicron Update: केरल, आंध्र प्रदेश और चण्डीगढ़ में वेरिएंट की पुष्टि

by GoNews Desk 1 year ago Views 1803

omicron variant

भारत में कोरोना संक्रमण के नए वेरिएंट के पांच और मामलों की पुष्टि हुई है। रविवार को आंध्र प्रदेश, केरल और चंण्डीगढ़ में ऑमिक्रॉन के पहले मरीज़ सामने आए हैं जबकि महाराष्ट्र और कर्नाटक में 1-1 नए केस दर्ज हुए। अब तक देश के 7 राज्यों में 38 मरीज़ देखे गए हैं। 

इस बीच ध्यान देने वाली बात है कि सभी नए मामले स्थानीय लोगों में नहीं बल्कि विदेशियों में पाए गए हैं। एक 20 साल का पूर्ण टीकाकृत युवक इटली से चण्डीगढ़ आया था। शख़्स 22 नवंबर को भारत आया था। रविवार को राज्य स्वास्थ्य विभाग ने एक बयान में कहा कि युवक अब कोरोना नेगेटिव है लेकिन उसके संपर्क में आए परिवार के पांच लोगों को भी कोरोना संक्रमित पाया गया है। अब तक यह साफ़ नहीं हुआ है कि क्या परिवार के सदस्यों में से कोई नए वेरिएंट से संक्रमित है।

इस तरह 34 साल का एक और मुंबई से आंध्र प्रदेश गया विदेशी यात्री भी वेरिएंट संक्रमित पाया गया। भारत में ऑमिक्रॉन के मामले इस तरह हैं। अब महाराष्ट्र में 18, राजस्थान में 9, कर्नाटक में 3, गुजरात और दिल्ली में 2-2 एवं केरल, आंध्रा और चण्डीगढ़ में 1-1 मरीज़ हैं।

वहीं विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा ‘वेरिएंट ऑफ़ कंसर्न’ के रूप में वर्गीकृत ऑमिक्रॉन वेरिएंट के 60 से ज़्यादा देशों में पाए जाने की ख़बर है। विश्व स्वास्थ्य संगठन का कहना है कि ऑमिक्रॉन से ‘बहुत अधिक’ वैश्विक रिस्क है। ऐसे भी सबूत हैं कि नया वेरिएंट वैक्सीन को भी भेद सकता है लेकिन इसके बारे में क्लिनिकल डाटा बहुत सीमित है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का कहना है कि उनकी सरकार नए वेरिएंट से निपटने के लिए तैयार है और ज़रूरत पड़ने पर आवश्यक प्रतिबंध लगाए जाएंगे लेकिन अभी पाबंदियों की ज़रूरत नहीं है। इस बीच दिल्ली सरकार ने 21,000 से ज़्यादा कोविड मृतकों के परिवार को 50,000 का मुआवजा दिया है।

ताज़ा वीडियो