गोआ में नए वेरिएंट की पुष्टि; भारत में Omicron के 156 नए मामले, कुल केस 578 हुए

गोआ में भी अब कोविड के नए वेरिएंट ऑमिक्रॉन की पुष्टि हो चुकी है। वहां ब्रिटेन ने लौटे 8 साल के एक बच्चे में वेरिएंट पाया गया है। यह बच्चा 17 दिसंबर को गोआ आया था। इससे पहले रविवार को हिमाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश में ऑमिक्रॉन की पुष्टि हो चुकी है। अब देश के 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में ऑमिक्रॉन संक्रमित हैं जिनकी संख्या 578 है। इनमें से 130 लोग ठीक हो चुके हैं।
बीते दिन भारत में 156 नए ऑमिक्रॉन संक्रमित सामने आए, जिनमें से सबसे ज़्यादा दिल्ली में देखे गए थे। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक दिल्ली में अब ऑमिक्रॉन के 142 और महाराष्ट्र में 141 केस हैं। राजधानी दिल्ली में नए वेरिएंट के साथ नए कोविड मामलों में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है। यहां 24 घंटों में 290 संक्रमित सामने आए। यह संख्या 10 जून के बाद सबसे ज़्यादा है। इसके चलते दिल्ली में आज से रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ़्यू का ऐलान किया गया है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद महाराष्ट्र सरकार ने कोविड मृतकों के 25000 परिवारों को 100 करोड़ का मुआवजा दिया है। हर परिवार को 50 हज़ार की राशी दी गई है। भारत में अब 15-18 साल के बच्चे भी कोविड वैक्सीन ले सकेंगे। इस आयु वर्ग के लोग 1 जनवरी से कोविन ऐप पर पंजीकरण करा सकेंगे और 3 जनवरी से टीकाकरण शुरू होगा। सरकारी सूत्रों के मुताबिक़ फ़िल्हाल कोवैक्सीन से टीकाकरण किया जाएगा।
इसके अलावा फ्रंटलाइन वर्कर्स और स्वास्थ्य कर्मचारियों को 10 जनवरी से ‘Precaution Dose’ दिया जाएगा। इस तरह 60 साल से ज़्यादा उम्र के लोग जिन्हें कोई गंभीर बिमारी है, उन्हें भी उसी वैक्सीन का तीसरा डोज़ दिया जाएगा जिससे वह पहले दो बार टीकाकृत हुए थे हालांकि दूसरी डोज़ के 9 महीने पूरे होंने पर ही ’Precaution Dose’ लगाया जाएगा।
इस बीच इजरायल ने कोविड वैक्सीन के दूसरे बूस्टर डोज़ का ट्रायल किया है। कोविड वैक्सीन का चौथा डोज़ नागरिकों को लगाने वाला इजरायल पहला देश होगा। भारत में कोविड के नए मामले फ़िल्हाल स्थिर है। देश में बीते दिन 6987 नए मामले सामने आए हैं हालांकि फ़िर भी स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सचिवों को चिट्ठी लिख कर हालातों पर कड़ी नज़र बनाए रखने को कहा है।
ताज़ा वीडियो